बिहार हथियार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले पूर्व विधायक ने किया सरेंडर*
बंदूक लेकर अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस करने वाले भभुआ से बसपा के पूर्व विधायक व बक्सर संसदीय क्षेत्र के निर्दल प्रत्याशी रहे रामचंद्र यादव ने शनिवार को सीजेएम सुमीत रंजन की अदालत में आत्मसर्पण कर दिया। उनके खिलाफ सदर थाने में नगर परिषद के कर संग्राहक ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला 22 मई को दर्ज कराया है। इसी मामले में उन्होंने सरेंडर किया है। हालांकि उनके अधिवक्ता बलीराम यादव द्वारा दाखिल की गई जमानत अर्जी पर सुनवाई के दौरान अदालत ने रामचंद्र को पांच हजार के दो निजी मुचलका पर जमानत दे दी।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक ने अपने साथ हथियार रखने की वजह बताते हुए कहा कि लोकतंत्र खतरे में है इसलिए मैंने हथियार उठाया है। उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, मायावती, ममता बनर्जी और उपेंद्र कुशवाहा का भी नाम लिया। कहा कि ये सब आगे आएं, मैं उनके साथ हूं। ईवीएम की चोरी की बात सच साबित हुई तो शीर्ष नेता ठोस निर्णय लें, मैं प्रजातंत्र की सुरक्षा के लिए अपनी आहुति देने के लिए तैयार हूं।
पूर्व विधायक ने यह भी कहा, रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा कह रहे हैं कि सड़क पर खून बह सकता है। अगर प्रजातंत्र खतरे में है तो तीसरी आजादी के लिए सभी को एकजुट होकर न्याय की लड़ाई लड़नी होगी। अगर अधिकार नहीं मिल रहा है तो हमें उसे छीनना पडे़गा।

No comments: